• २०८३ मंसिर ५, शुक्रबार

ट्रूमीडिया के साहित्यिक मंच पर अशोक बाबू माहौर सम्मानित, ऋचा गौड़ की पुस्तक ‘देवी’ का लोकार्पण

साहिबाबाद (गाजियाबाद)

प्रतिष्ठित चैनल एवं पत्रिका ट्रूमीडिया के तत्वावधान में १५ नवंबर को शालीमार गार्डन, साहिबाबाद स्थित ट्रूमीडिया कार्यालय में लेखिका सुश्री ऋचा गौड़ की पुस्तक ‘देवी (स्त्रीत्व की अनवरत यात्रा)’ का लोकार्पण एवं सम्मान समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया ।

कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. पुष्पा जोशी ने की। मुख्य अतिथि के रूप में मो. इशाक खान तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. साधना अग्रवाल उपस्थित रहीं । इस अवसर पर ट्रूमीडिया के मुख्य संपादक श्री ओम प्रकाश प्रजापति, पुस्तक की लेखिका सुश्री ऋचा गौड़ एवं मंच संचालक श्री हिमांशु शुक्ल सहित अनेक लेखक, साहित्यकार एवं साहित्यप्रेमी मौजूद रहे ।

समारोह के दौरान साहित्यकार अशोक बाबू माहौर को ट्रूमीडिया के मुख्य संपादक श्री ओम प्रकाश प्रजापति द्वारा अंगवस्त्र एवं विशेष उपहार स्वरूप गिफ्ट पैक भेंट कर सम्मानित किया गया। लेखिका ऋचा गौड़ की पुस्तक ‘देवी (स्त्रीत्व की अनवरत यात्रा)’ नारी जीवन पर आधारित लघुकथा संग्रह है। इसमें स्त्री के संघर्ष, संवेदनाओं, अनुभवों और सामाजिक परिस्थितियों को प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त किया गया है। पुस्तक के माध्यम से लेखिका ने नारी के जीवन, अस्तित्व और उसके विविध स्वरूपों को साहित्यिक अभिव्यक्ति प्रदान करने का सार्थक प्रयास किया है ।

यह आयोजन साहित्यिक सृजन को प्रोत्साहित करने, रचनाकारों को सम्मान देने तथा समाज में साहित्यिक चेतना का प्रसार करने की दिशा में एक सराहनीय पहल रहा ।